भाई-बहन के अटूट प्रेम, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है सामा-चकेवा पर्व
सहरसा:-मिथिलांचल की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरा का प्रतीक सामा-चकेवा पर्व बिहार के प्रसिद्ध छठ महापर्व के खरना के साथ शुरू होता है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और पारिवारिक रिश्तों की मधुरता को दर्शाता है। इस पर्व की विशेषताओं और पारंपरिक रीति-रिवाजों को कवयित्री चांदनी झा ने विस्तार से साझा किया है। कवयित्री चांदनी झा के अनुसार, सामा-चकेवा पर्व के अवसर पर महिलाएं मिट्टी से सामा-चकेवा, पनमा-चिरौतना, हंस-हंसिल, सतभैया, टिहुली, भौमरा, पैटार, कजरौटी, वृंदावन और चुगला-चुगली सहित विभिन्न आकृतियां बनाती हैं। इन सभी आकृतियों का अपना अलग सांस्कृतिक और पारंपरिक महत्व है। इस पर्व की एक अनूठी परंपरा मिट्टी की कजरौटी में सरसों का तेल डालकर आग के धुएं से काजल तैयार करना है। इस काजल को सामा की प्रतिमाओं पर लगाया जाता है। सभी सामाओं को डाला में सजाकर दूर्वा वाले स्थान पर ले जाया जाता है। मिट्टी से बनी पैटार में नया धान और दूर्वा रखा जाता है। इस दौरान महिलाएं पारंपरिक गीत, झूमर और समदाउन गाती हैं।
गीतों में भाई-बहन, भौजी और जीजा के नाम शामिल होते हैं। चुगला-चुगली को हास्यपूर्ण अंदाज में गालियां देने की भी परंपरा है, जिसे लोकमान्यता में आशीर्वाद का स्वरूप माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इससे भाइयों की आयु लंबी होती है। देवोत्थान एकादशी के दिन सामा को पीठार लगाया जाता है तथा कार्तिक पूर्णिमा के दिन रंगों से सजाया जाता है। नए धान का चूड़ा, दही और शक्कर का भोग लगाया जाता है। सामा-चकेवा को चूड़ा-दही खिलाने और पानी पिलाने की रस्म भी निभाई जाती है। पर्व के अंतिम दिन महिलाएं पारंपरिक नृत्य, झूमर और समदाउन गीतों के माध्यम से भाई-बहन की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इसके बाद भाई के हाथों सामा को फोड़वाकर जल में विसर्जित किया जाता है और भावपूर्ण विदाई दी जाती है। कवयित्री चांदनी झा का कहना है कि सामा-चकेवा महज एक पर्व नहीं, बल्कि मिथिलांचल की पहचान और सांस्कृतिक धरोहर है। यह परंपरा नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और भाई-बहन के अटूट प्रेम से जोड़ती है।



