सहरसा:-राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, एवं बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, प्रधान महासचिव रणविजय साहु के निर्देश पर जिला राष्ट्रीय जनता दल द्वारा वीर कुंवर सिंह चौक में विरोध-प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। यह प्रदर्शन बिहार सहित अन्य राज्यों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसाआईआर, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से जुड़े गंभीर सवालों के विरोध में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एसाआईआर की प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं के अधिकार, मतदाता सूची की विश्वसनीयता और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की संवैधानिक भावना को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न हुई हैं। हाल में निर्वाचन आयोग के दो चुनाव आयुक्तों द्वारा विभिन्न निर्णयों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने संबंधी रिपोर्टों ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सार्वजनिक बहस को तेज किया है। राजद नेताओं ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण बुनियाद है। किसी भी प्रक्रिया के कारण वास्तविक मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटने की आशंका लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है।
इसलिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष, नियमसम्मत और सभी राजनीतिक दलों एवं नागरिकों के विश्वास के अनुरूप होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए उनके विरुद्ध लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच तथा, यदि प्रथमदृष्टया अपराध बनता हो, तो FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। राजद ने यह भी मांग उठाई कि बिहार और पश्चिम बंगाल सहित जिन राज्यों के चुनावों की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं, वहां की चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच कराई जाए तथा आवश्यक होने पर संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधानों के तहत उचित निर्णय लिया जाए। हाल में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए पुनः चुनाव की मांग सार्वजनिक रूप से रखी है। राजद नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या दल के लिए नहीं, बल्कि मतदाता के अधिकार, संविधान की मर्यादा, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए है। लोकतंत्र में अंतिम शक्ति जनता के वोट में निहित है और उस वोट की पवित्रता एवं स्वतंत्रता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। राजद ने स्पष्ट किया कि पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से मतदाता अधिकारों की रक्षा, चुनावी पारदर्शिता और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था के लिए अपनी आवाज लगातार बुलंद करती रहेगी। वोट की रक्षा लोकतंत्र की रक्षा। संविधान बचेगा, लोकतंत्र बचेगा। पुतला दहन कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद उपाध्यक्ष राजद के निवर्तमान प्रदेश महासचिव धीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से निवर्तमान प्रदेश महासचिव धनिकलाल मुखिया, पूर्व प्रत्याशी रंजीत यादव, कौशल यादव, उपमहापौर उमर हयात उर्फ गुड्डू, सरोज यादव, भारत यादव, तेज नारायण यादव, अमरेन्द्र यादव, गुंजन देवी, पवन यादव, मनोज यादव, धीरज सम्राट, भीम कुमार भारती, कृष्ण मोहन चौधरी, सरोज कुमार यादव, रमेश कुमार शर्मा, ललटू यादव, नाथेश्वर यादव, अमित कुमार मंटू, अमित यादव, वीरेंद्र कुमार, सुरेंद्र यादव, बेचन शर्मा, श्री राम कुमार, रूपेश कुमार यादव, दौलत राम, बौआ चौधरी, जय कुमार यादव, दीपक कुमार सहित कई मौजूद थे।



