ड्रोन प्रतियोगिता में टी पी कॉलेज एनसीसी कैडेटों ने गाड़े झंडे

📅 October 6, 2026 🕒 12:28 am
अंतिम अपडेट: 16 Oct 2026, 06:46 AM
Reporter
Report By Ashish Jha

इंटर डायरेक्ट्रेट प्रतियोगिता के लिए तमिलनाडु होंगे रवाना

सहरसा/मधेपुरा:-स्थानीय ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय मधेपुरा और 17 बिहार बटालियन एनसीसी सहरसा के लिए गौरव का क्षण है। महाविद्यालय के दो होनहार एनसीसी कैडेट सीनियर अंडर ऑफिसर आलोक कुमार और सार्जेंट सत्यम कुमार ने इंटर ग्रुप ड्रोन प्रतियोगिता में भागलपुर ग्रुप का शानदार प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और तकनीकी कौशल का लोहा मनवाया है। उक्त प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दोनों कैडेटों ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर बेस्ट एकेडमिक अवार्ड, बेस्ट इनोवेशन एंड डिजाइन अवार्ड और ओवरऑल विनर ट्रॉफी अपने नाम किया है।  जिसको लेकर उनका चयन इंटर डायरेक्ट्रेट ड्रोन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उक्त आगामी प्रतियोगिता तमिलनाडु के सेलम में आयोजित की जाएगी। जहां वे बिहार एवं झारखंड डायरेक्ट्रेट का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी उपलब्धि से न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे कोसी प्रमंडल का नाम रोशन हुआ है। गणमान्य व्यक्तियों ने दी बधाई एवं शुभकामनाए दिया है। महाविद्यालय प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. कैलाश प्रसाद यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे छात्रों ने अपनी तकनीकी दक्षता से यह साबित कर दिया है कि सही दिशा में की गई मेहनत हमेशा रंग लाती है। इन दोनों कैडेटों ने महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय पटल पर अंकित किया है।            ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक क्षेत्र में इनकी यह सफलता अन्य सभी छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। पूरे महाविद्यालय परिवार को इन पर गर्व है। वही 17 बिहार बटालियन एनसीसी सहरसा के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रमोद कुमार चौधरी ने कैडेटों की हौसला अफजाई करते हुए कहा आलोक और सत्यम की लगन, समर्पण और अनुशासन अद्वितीय है। भागलपुर ग्रुप का प्रतिनिधित्व करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनना पूरी 17 बिहार बटालियन के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि तमिलनाडु में भी ये बिहार-झारखंड डायरेक्ट्रेट का परचम लहराएंगे और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। पूर्व कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बी सत्यनारायण ने कैडेटों को शुरुआती दौर से तैयार करने वाले और तकनीकी प्रशिक्षण में मार्गदर्शन देने वाले पूर्व कमांडिंग ऑफिसर ने इस अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बच्चों को इस मुकाम तक पहुचते देखना मेरे लिए बेहद संतोषजनक है। प्रशिक्षण के दौरान ही मैंने इनमें ड्रोन तकनीक को लेकर एक विशेष प्रकार की जिज्ञासा और नवोन्मेषी सोच देखी थी। आज इनकी वही कड़ी मेहनत और अभ्यास सफलता में बदल गया है। आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए मेरी ढेरों शुभकामनाए। महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट गुड्डू कुमार ने अपने कैडेटों को बधाई देते हुए कहा एक एएनओ के रूप में अपने कैडेटों को इस तरह की उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त करते देखना सबसे बड़ा सम्मान है। एसयूओ आलोक और सार्जेंट सत्यम ने दिन-रात एक कर इस प्रतियोगिता की तैयारी की थी। इन्होंने न केवल अपनी तकनीकी दक्षता साबित की है, बल्कि एनसीसी के मूल मंत्र एकता और अनुशासन को भी चरितार्थ किया है। यह जीत हमारी पूरी एनसीसी यूनिट की जीत है।

इस खबर को शेयर करें
WhatsApp Facebook X