Saharsa News: बिहार विधान परिषद कोसी स्नातक निर्वाचन के लिए सहरसा में चुनाव प्रचार बुधवार शाम समाप्त हो गया। जिले के 13 मतदान केंद्रों पर 11,498 स्नातक मतदाता 23 अक्टूबर को मतदान करेंगे। मतदानकर्मियों को गुरुवार सुबह सामग्री दी जाएगी और डीएम-एसपी संयुक्त ब्रीफिंग करेंगे। सभी बूथ सीसीटीवी की निगरानी में रहेंगे। मतदान के बाद मतपेटिकाएं कड़ी सुरक्षा में पूर्णिया भेजी जाएंगी, जहां 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।सहरसा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। बिहार विधान परिषद कोसी स्नातक निर्वाचन का 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव प्रचार का शोर बुधवार की शाम से खत्म हो गया है। अब अगर कोई प्रचार करते हुए या चुनाव प्रचार बैनर कहीं भी दिखेगा तो उसपर आयोग के गाइडलाइन मुताबिक कार्रवाई होगी। गुरुवार की सुबह 9 बजे से प्रेक्षागृह में मतदानकर्मियों को मतदान सामग्री से संबंधित झोला दिया जाएगा। पीठासीन पदाधिकारियों को मतपेटिका दिया जाएगा। मतदान सामग्री और मतपेटिका लेकर बूथ के लिए रवाना होने से पहले उन्हें संयुक्त ब्रीफिंग में डीएम और एसपी से रूबरू होना होगा। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिले में 13 मतदान केंद्रों पर 11 हजार 498 स्नातक निर्वाचक मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सबसे अधिक सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित मतदान केन्द्र संख्या 11 पर नगर निगम क्षेत्र के 1359 स्नातक मतदाता हैं। कार्यपालक दंडाधिकारी न्यायालय कक्ष बूथ 11(क) में 1090, बूथ 12 अंचल कहरा में कहरा अंचल शहरी, नपं बनगांव व सुलिन्दाबाद, नरियार, पटुआहा, देवजाजी को छोड़कर अन्य ग्रामीण क्षेत्र के 1251, बूथ 13 अंचल सत्तर कटैया में 701 मतदाता हैं। बूथ 14 अंचल सौरबाजार में 1328, बूथ 15 अंचल पतरघट में 1018, बूथ 16 अंचल सोनवर्षा में 1149, बूथ 17 अंचल ऑफिस सिमरी बख्तियारपुर में 1109, बूथ 17 क बीडीओ सिमरी बख्तियारपुर में 411, बूथ 18 अंचल सलखुआ में 474, बूथ 19 अंचल बनमा ईटहरी में 435, बूथ 10 अंचल महिषी में 740 और बूथ 9 अंचल नवहट्टा में 433 मतदाता हैं। सभी बूथ सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेगा।



