नटखट की कबड्डी और ग्रामीण प्रतिभाओं के प्रयास को बताया प्रेरणादायी
सहरसा:- भारतीय कबड्डी के महान खिलाड़ी एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित बलवान सिंह ने सहरसा जिले के बनगांव में आयोजित होने वाले नटखट खेल महोत्सव 2026 के लिए अपना विशेष शुभकामना संदेश जारी किया है। भारतीय कबड्डी के इस दिग्गज का संदेश नटखट खेल महोत्सव के लिए विशेष सम्मान और प्रेरणा का विषय बना है। बलवान सिंह भारतीय कबड्डी के स्वर्णिम इतिहास के प्रमुख नामों में शामिल हैं। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने लंबे समय तक भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते। बाद में प्रशिक्षक के रूप में भी उन्होंने भारतीय कबड्डी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनके मार्गदर्शन में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने 2006, 2010 और 2014 के एशियाई खेलों में लगातार तीन स्वर्ण पदक हासिल किए।
भारतीय कबड्डी में उनके योगदान के लिए उन्हें द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बलवान सिंह ने अपने संदेश में नटखट खेल महोत्सव के प्रयासों और विशेष रूप से कबड्डी को लेकर किए जा रहे कार्यों के लिए शुभकामनाएं दी हैं। ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अवसर देने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की नटखट की पहल को उनके संदेश से विशेष प्रोत्साहन मिला है। नटखट खेल महोत्सव आयोजन समिति ने बलवान सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय कबड्डी के ऐसे महान खिलाड़ी और प्रशिक्षक का नटखट को अपना संदेश देना आयोजन के लिए गौरव की बात है। समिति के अनुसार, नटखट की कबड्डी केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि गांवों में मौजूद प्रतिभाओं को पहचान और अवसर देने का अभियान है। बलवान सिंह जैसे दिग्गज का आशीर्वाद इस अभियान से जुड़े खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा। नटखट खेल महोत्सव का आयोजन 18 से 24 नवंबर 2026 तक बनगांव में किया जा रहा है। महोत्सव में कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण, युवा और महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। नटखट खेल महोत्सव आयोजन समिति की ओर से बलवान सिंह का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन।



