विश्वविद्यालय एनएसएस अधिकारी रहे मौजूद
मधेपुरा/सहरसा:-स्थानीय ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय में नशा मुक्त युवा संवाद मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भूपेन्द्र नारायण मधेपुरी रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. कैलाश प्रसाद यादव ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का शॉल व बुके से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ विवेक गुप्ता रहे। इसके अलावा शिक्षाशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ जावेद अहमद और टी पी कॉलेज एनएसएस पदाधिकारी डॉ राकेश कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने युवाओं को नशे की लत से दूर रहने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नष्ट करता है बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद कर देता है। युवा देश का भविष्य और रीढ़ की हड्डी हैं।
इसलिए उनका नशा मुक्त रहना देश की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। नशा मुक्ति से ही समाज में सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन का विकास संभव है। मानसिक तनाव या गलत संगति के कारण युवा नशे की ओर बढ़ते हैं। जिससे दूर रहने के लिए खेलकूद और समाज सेवा को अपनाना चाहिए, केवल कानून से नहीं बल्कि व्यक्तिगत संकल्प और सामाजिक सहभागिता से ही नशा मुक्ति संभव है। छात्र जीवन में नशा मुक्त रहने से एकाग्रता और बौद्धिक क्षमता में वृद्धि होती है। सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि न स्वयं नशा करेंगे और न ही किसी अन्य को नशा करने देंगे। क्योंकि नशा मुक्त युवा ही सशक्त और समृद्ध भारत की असली पहचान है। मौके पर डॉ. मनोज कुमार ठाकुर, डॉ. अमित, डॉ. विभाष आनंद, डॉ. विक्रित राज, डॉ. सुरेन्द्र, डॉ. गोविन्द, डॉ. मदन सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, के वालंटियर एवं बड़ी संख्या में छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे।



