हज 2027 के मेडिकल टीम में शामिल होना मेरे लिए गर्व की बात:- नाजिया
अररिया:-नर्सिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिये सदर अस्पताल में कार्यरत नर्स नाजिया परवीन को हज 2027 के लिए मेडिकल टीम में प्रतिनियुक्त किये जाने से काफी खुशी महसूस कर रही हैं। बीते वर्ष राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटेंगिल अवार्ड से सम्मानित नाज़िया परवीन ने इस बाबत जानकारी देत हुए संवाददाताओं से कहा कि यह मेरे काफी गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मेडिकल टीम में भारत सरकार द्वारा हज 2027 के लिए सेवा करने हेतु सऊदी अरब जैसे पवित्र जगह में भारत सरकार द्वारा मेरी प्रतिनियुक्ति बायशे सवाब वो फख्र की बात है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा इसके लिए सभी जरूरी कागजात के साथ मुझे सेलेक्टेड किया गया है जो मेरे लिए काफी खुशी की बात है। गौरतलब बात यह कि पूरे सीमांचल से नाजिया परवीन की प्रतिनियुक्ति हज 2027 के मेडिकल टीम में की गई है। जिले में कार्यरत ए ग्रेड नर्स एमओटी इंचार्ज नाजिया परवीन अपनी सेवा व समर्पण के दम पर ये प्रतिष्ठित सेवा में जाने का सौभाग्य प्राप्त कीं हैं।
नाजिया परवीन ने बताया कि हज यात्रा के मेडिकल टीम में प्रतिनियुक्त किये जाने से वे अपने आप को बेहद गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। इसे जीवन का खास लम्हा बताते हुए उन्होंने इस सफर में उनका सहयोग व समर्थन देने के लिये पूरे स्वास्थ्य महकमा के प्रति आभार व्यक्त किया। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर नाजिया परवीन को शुभकामना देने वालों का तांता लगा है। विदित हो कि राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटेंगिल अवार्ड से सम्मानित नाजिया परवीन बीते 11 सालों से नर्सिंग पेशा से जुड़ी हैं। नाजिया ने बताया कि सदर अस्पताल में प्रसूति कक्ष की स्थापना व निर्धारित मानकों के अनुरूप इसके संचालन में नाजिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कुशल जन्म परिचारक प्रशिक्षण में भागीदारी, कोरोना महामारी के प्रबंधन, गर्भावस्था व कोविड नर्स सलाह कार्यक्रम, सेमुलेशन सुविधा प्रशिक्षण, नवजात देखभाल पुनर्जीवन कार्यक्रम सहित अन्य कई प्रशिक्षण में उन्होंने अपनी सफल भागीदारी निभाई है। राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा योग्यता आधारित रेटिंग में उच्चतम स्कोर जिला व प्रखंड स्तर पर टॉपर के रूप में मान्यता मिलने के बाद नाजिया का चयन इस प्रतिष्ठित अवार्ड के लिये किया गया था। नाजिया ने नर्सिंग संबंधी जरूरी प्रशिक्षण वर्ष 2010 में पूरा किया। राजधानी दिल्ली में पांच सालों तक अपनी सेवा देने के बाद वर्ष 2016 में सदर अस्पताल में उनकी नियुक्ति हुई। इसके बाद से वे लगातार जिले में अपनी सेवाएं दे रही हैं। और अब आने वाले हज वर्ष 2027 में भारत सरकार द्वारा संचालित मेडिकल टीम में प्रतिनियुक्त को लेकर काफी खुश नजर आ रही हैं। वहीं नाजिया ने अपने करियर वृतांत के बारे में बताया कि उनके लिये ये बेहद गरिमापूर्ण समय है। नर्स के पेशा को कमतर आंका जाता रहा है, जो गलत है। नर्सिंग का क्षेत्र संभावनाओं से भरा है। कई अच्छे कोर्स हैं। जिससे बेहतर मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग के पेशा से जुड़े होने का उन्हें गर्व है। अपने अन्य सहकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि अपने कार्य व जिम्मेदारी के प्रति सेवा व समर्पण के भाव के दम पर असीमित ऊंचाईयों को छूआ जा सकता है। इसे लेकर हमें निरंतर तत्पर रहने की जरूरत है।



